बेहतर क्वालिटी के कोयले की मांग पर तोपा लोकल सेल कांटा चार घंटे जाम, रैयतों ने किया जोरदार विरोध

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : सीसीएल तोपा परियोजना के लोकल सेल कांटा घर में गुरुवार को रैयतों और सेल संचालन समिति ने उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने करीब चार घंटे तक कांटा घर को जाम रखते हुए वजन कार्य पूरी तरह बाधित कर दिया।

लोकल सेल संचालन समिति के अध्यक्ष राजेश्वर गंझू और रैयतों के नेतृत्व में किये गए इस आंदोलन के कारण कोयला लादने आए ट्रकों की लंबी लाइन लग गई। आंदोलनकारियों ने बताया कि तोपा परियोजना में मनमर्जी के नियम लागू कर दिए जाते हैं। दोपहर दो बजे के बाद कांटा घर बंद कर दिए जाने से डीओ धारकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिसका सीधा असर मजदूरों की रोजी-रोटी पर पड़ता है।

रैयतों और समिति सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि सेल के लिए दिए जा रहे कोयले में बड़ी मात्रा में पत्थर मिला होता है, जिससे कोयले की क्वालिटी बेहद खराब होती है। इसकी वजह से डीओ धारक यहां से कोयला खरीदने में झिझकते हैं।

डिस्पैच ऑफिसर ने दिया समाधान का आश्वासन

मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए डिस्पैच ऑफिसर आलोक कुमार ने समिति को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोयले की गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा और कांटा घर को हर दिन अपराह्न चार बजे तक खुला रखा जाएगा।

आश्वासन मिलने के बाद रैयतों और सेल संचालन समिति ने आंदोलन समाप्त कर दिया।

आंदोलन में शामिल प्रमुख लोग

राजेश्वर गंझू, अलियास मियां, रामभजनलाल महतो, गोपेश्वर करमाली, ज्योतेंद्र प्रसाद साहू, विनोद महतो, अहमद अंसारी, गिरधारी मांझी, विनोद गंझू, मोती गंझू, अनवर अंसारी, ललित राम, प्रकाश गंझू समेत कई ग्रामीण और सेल संचालन समिति के सदस्य उपस्थित थे।