रामगढ़, झारखंड :रामगढ़ थाना क्षेत्र के चट्टी बाजार स्थित साहू कॉलोनी में गुरुवार देर रात एक नर्स लवली कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक चर्चा के अनुसार मामले को आत्महत्या बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
ओरमांझी की रहने वाली थी लवली कुमारी
मिली जानकारी के अनुसार लवली कुमारी मूल रूप से ओरमांझी की रहने वाली थी और चट्टी बाजार स्थित एक निजी नर्सिंग होम में नर्स की नौकरी कर रही थी। वह साहू कॉलोनी के एक मकान में किराये पर रहती थी, जहां कई अन्य किरायेदार भी रह रहे थे।
रात में खाना खाकर सोने गई, सुबह मिली लटकी हुई
गुरुवार रात करीब नौ बजे ड्यूटी से लौटने के बाद उसने खुद खाना बनाया। कमरे में रहने वाली अन्य दो नर्सों के साथ खाना खाने के बाद सभी सोने चले गए। सुबह उठने पर जब मकान के छत पर जाने वाली सीढ़ियों के पास देखा गया, तो लवली कुमारी का शव फंदे से लटका मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भेजा पोस्टमार्टम को
सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस संदेहास्पद मौत, व्यक्तिगत कारण, दबाव, तथा अन्य संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। कमरे में रहने वाली अन्य नर्सों से भी पूछताछ की जा रही है।
घर वालों ने किया सड़क जाम
बाद में नर्स लवली कुमारी के घरवालों ने आकर लवली कुमारी की हत्या का आरोप लगा कर गोला रोड में सड़क जाम कर दिया। उनका कहना था कि लवली कुमारी की हत्या कर आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है। बाद में समझा बुझा कर तथा मुआवजे की सहमति पर जाम हटाया गया।