नई दिल्ली : संसद पर हुए आतंकी हमले को आज 24 साल पूरे हो गए हैं। 13 दिसंबर 2001 को आतंकवादियों ने देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था संसद भवन को निशाना बनाया था। इस हमले में कई वीर सुरक्षाकर्मियों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
हमले की 24वीं बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी सहित कई नेताओं ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सबसे पहले उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने श्रद्धांजलि दी, इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी, राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने शहीद जवानों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित किए।
सीआइएसएफ के जवानों ने दी श्रद्धांजलि
13 दिसंबर 2001 को हुए संसद हमले की स्मृति में आज संविधान सदन (पुराना संसद भवन) में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान CISF के जवानों ने ‘सम्मान गार्ड’ दिया और कुछ मिनट का मौन रखा गया। इससे पहले वर्ष 2023 तक CRPF के जवान ‘सलामी शस्त्र’ दिया करते थे, लेकिन अब CISF के जवान बलिदानियों को सलामी दे रहे हैं।
कई वरिष्ठ नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, जीतेंद्र सिंह और अर्जुन राम मेघवाल भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लातूर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
संसद हमले में गई थीं 9 जानें
13 दिसंबर 2001 को हथियारों से लैस पांच आतंकी संसद भवन में घुस गए थे। संसद की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाबलों ने साहस का परिचय देते हुए आतंकियों को भीतर प्रवेश करने से रोका। इस हमले में दिल्ली पुलिस के छह जवान, संसद सुरक्षा बल के दो जवान और एक टीवी पत्रकार की जान चली गई थी।
साभार : डीएएस दिल्ली