रामगढ़, झारखंड :श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल, रामगढ़ के सभागार में शनिवार 13 दिसंबर को एक भव्य शैक्षणिक प्रदर्शनी ‘माइंड मार्बल्स’ का आयोजन किया गया। कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया। यह प्रदर्शनी भारत की महिला क्रिकेट टीम को समर्पित रही, जिसने विश्व विजेता बनकर देश को गौरवान्वित किया है।
प्रदर्शनी का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं अरदास के साथ किया गया। प्रदर्शनी में अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, पंजाबी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर, सामान्य ज्ञान, कला एवं खेल विषयों पर विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक और तथ्यात्मक प्रतिदर्श प्रस्तुत किए गए। प्रतिदर्शों में बड़े-बड़े कारखानों से लेकर चंद्रयान, गुरुकुल परंपरा से लेकर इतिहास तक की झलक देखने को मिली। कुछ विद्यार्थियों ने मथुरा के प्रेम मंदिर का मॉडल प्रस्तुत किया, वहीं कुछ ने ज्वालामुखी विस्फोट का सजीव प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों ने अपने-अपने प्रतिदर्शों के साथ संक्षिप्त एवं तथ्यपरक जानकारी भी दी। विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं अभिभावकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से प्रश्न पूछे और उनके प्रयासों की सराहना की। विद्यार्थियों ने सधे हुए अंदाज में अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने विषयों की जानकारी दी। शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयार किए गए इन प्रतिदर्शों के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा स्पष्ट रूप से सामने आई।
विद्यालय के प्राचार्य श्री हरजाप सिंह ने प्रदर्शनी के सफल आयोजन पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है और इस प्रकार के आयोजन उन प्रतिभाओं को निखारने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति एवं गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी विद्यार्थियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान श्री परमदीप सिंह कालरा सहित विद्यालय प्रबंधक समिति के सदस्य सरदार मनमोहन सिंह लांबा, सरदार हरपाल सिंह अरोड़ा, सरदार सुरिंदर पाल सिंह चंडोक, सरदार कुलजीत सिंह कालरा, सरदार वरिंदर सिंह चंडोक, सरदार गुरप्रीत सिंह जॉली, सरदार नरेंद्र पाल सिंह गुजराल, सरदार पुषविंदर पाल सिंह, सरदार कुलजीत सिंह छाबड़ा, सरदार गुरदीप सिंह सैनी, सरदार सतिंदर सिंह होरा, सरदार विक्रमजीत सिंह कोहली, सरदार गुरप्रीत सिंह चाना, सरदार रमन बेदी एवं सरदार करमजीत सिंह जग्गी की गरिमामयी उपस्थिति रही।