जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम (झारखंड) : शहर के मानगो थाना परिसर में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो नर्सिंग होम से जुड़े गुट आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि थाना परिसर ही रणक्षेत्र में बदल गया और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दया नर्सिंग होम और सिम्स नर्सिंग होम के संचालकों के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश शुक्रवार रात फिर उभर आई। पहले से चले आ रहे एक मारपीट मामले की शिकायत लेकर एक पक्ष अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के युवक भी बड़ी संख्या में थाना परिसर में घुस आए।
दोनों गुटों के आमने-सामने होते ही कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि उपद्रवियों ने थाने में रखी कुर्सियों को नुकसान पहुंचाया, महत्वपूर्ण फाइलें और रजिस्टर बिखेर दिए तथा संचार के लिए इस्तेमाल होने वाले वायरलेस सेट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
स्थिति को संभालने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी युवकों ने धक्का-मुक्की की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर मौजूद पुलिस बल की संख्या कम होने के कारण हालात कुछ समय के लिए बेकाबू हो गए। घटना के बाद अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति पर काबू पाया गया।
थाना परिसर में हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप है। मामले में पहचान कर उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।