धनबाद, झारखंड :धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर में सोमवार देर रात एक तीन मंजिला आवासीय मकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में 22 वर्षीय युवक और उसकी 70 वर्षीय नानी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत मकान के प्रथम तल से हुई, जो कुछ ही समय में पूरे भवन में फैल गई। घटना के समय घर में कुल 15 लोग मौजूद थे। धुएं के तेजी से फैलने के कारण घर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी होने लगी।
बताया गया है कि प्रथम तल पर आठ लोग सो रहे थे, जबकि दूसरे तल पर तीन और तीसरे तल पर चार लोग मौजूद थे। आग और धुएं की चपेट में आने से प्रथम तल पर सो रहे कई लोग झुलस गए। आसपास के लोगों की मदद से कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान प्रशांत कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है, जो करीब 15 दिन पहले ही पटना से धनबाद अपनी नानी चिंता देवी के घर आया था। घटना की रात दोनों एक ही तल पर सो रहे थे। आग की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
आग लगते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दूसरे और तीसरे तल पर मौजूद कुछ लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि कमरे में हीटर के उपयोग के दौरान यह हादसा हुआ, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। सरायढेला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।