रामगढ़, झारखंड : धान अधिप्राप्ति योजना के तहत किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को उपायुक्त रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज ने समाहरणालय परिसर से चार जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 15 दिसंबर 2025 से शुरू हुए धान अधिप्राप्ति कार्य को सुचारु एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीमती रंजीता टोप्पो से जागरूकता वाहनों के रोस्टर एवं रूट की जानकारी ली और निर्देश दिया कि वाहन के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को बिचौलियों से सावधान करते हुए सीधे धान अधिप्राप्ति केंद्रों (पैक्स) में ही धान की बिक्री करने के लिए प्रेरित किया जाए।
उपायुक्त ने बताया कि धान अधिप्राप्ति के तहत जिले के कुल 22 पैक्स केंद्रों पर किसान अपने धान की बिक्री कर सकते हैं। इस वर्ष पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पैक्स अध्यक्ष, किसान एवं जनसेवकों का ई-पॉस मशीन में बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही, धान उठाव करने वाले मिलरों का भी पैक्स में ई-पॉस मशीन के माध्यम से सत्यापन अनिवार्य किया गया है, ताकि पैक्स से मिल तक धान उठाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो।
धान बिक्री से पूर्व किसानों के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। सफल बिक्री के बाद किसानों को 7 दिनों के भीतर बोनस सहित 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल, अपर समाहर्ता श्रीमती कुमारी गीतांजली, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री रविन्द्र कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।