निरसा के देवियाना गेट NH-19 स्थित पेट्रोल पंप पर गोलीबारी, कारोबारी के पुत्र सौरभ सिंह गंभीर रूप से घायल

Spread the love

धनबाद, झारखंड : निरसा थाना क्षेत्र के देवियाना गेट स्थित एनएच-19 के दिल्ली लेन में बने मां उमा शक्ति फिलिंग पाइंट में देर रात गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में पेट्रोल पंप मालिक व पत्थर कारोबारी राणा प्रताप सिंह के पुत्र सौरभ सिंह गोली लगने से घायल हो गए।

घटना के बाद पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल सौरभ सिंह को पंप के कर्मियों और उनके दोस्तों ने आनन-फानन में असर्फी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सौरभ सिंह को कंधे में गोली लगी है। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर परिजन और परिचित चिंतित हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।