जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की हुई बैठक, दिए गए कई निर्देश

Spread the love

बिना हेलमेट पहन दो पहिया वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई करते हुए चालान करने का निर्देश।

जिले के सभी पेट्रोल पंप में हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं अभियान जारी।

रामगढ़, झारखंड : गुरुवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त, रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी, रामगढ़ सह जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अनुराग कुमार तिवारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक के दौरान जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्य की समीक्षा की गई समीक्षा के क्रम में चुट्टूपालू घाटी में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए। वर्तमान में घाटी में लगाई गई लाइटों के नियमित रूप से कार्य करने की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने घाटी क्षेत्र में दुर्घटनाओं को रोकने हेतु लगाई गई साइन बोर्ड की संख्या में वृद्धि कर वाहनों का स्पीड कम करने हेतु कई बिंदुओं पर विचार विमर्श किया गया। बैठक के दौरान घाटी में ओवर स्पीडिंग पर रोक लगाने, घाटी में हाई मास्ट लाइट लगाने, सीसीटीवी कैमरे, वाहन जांच अभियान, जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन, ब्लैक स्पॉट चिंहितिकरण आदि को लेकर भी आवश्यक चर्चा की गई।

बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सह जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा सड़क दुर्घटना के दौरान अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को सम्मानित करने की बात कही गई । ताकि लोगों में जागरूकता पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं जिससे दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के जीवन को बचा सके। वहीं उन्होंने हिट एंड रन से संबंधित योजना की लाभ प्रक्रिया की जानकारी दी।

बैठक के दौरान जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों/ अधिकारियों, एनएचएआई के अधिकारियों, कार्यपालक अभियंताओं सहित अन्य उपस्थित थे।