रांची, झारखंड :सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पांच वरिष्ठ न्यायाधीशों को विभिन्न उच्च न्यायालयों का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। ये नियुक्तियां संबंधित मुख्य न्यायाधीशों के सेवानिवृत्ति या स्थानांतरण के बाद प्रभावी होंगी।
इसी क्रम में बॉम्बे हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस एमएस सोनक को झारखंड हाई कोर्ट, रांची (झारखंड) का नया मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है। वर्तमान झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश दिनांक 08 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिसके बाद जस्टिस एमएस सोनक पदभार ग्रहण करेंगे।
कॉलेजियम द्वारा जिन अन्य न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश की गई है, वे इस प्रकार हैं :—
जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता (इलाहाबाद हाई कोर्ट) को उत्तराखंड हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया जाएगा। उत्तराखंड के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश 09 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त होंगे।
जस्टिस रेवती पी. मोहिते डेरे (बॉम्बे हाई कोर्ट) को मेघालय हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया जाएगा। यह नियुक्ति वर्तमान मुख्य न्यायाधीश के स्थानांतरण के बाद होगी।
जस्टिस ए. मुहम्मद मुस्ताक (केरल हाई कोर्ट) को सिक्किम हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की गई है।
जस्टिस संगम कुमार साहू (ओडिशा हाई कोर्ट) को पटना हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने का प्रस्ताव किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की ये सभी सिफारिशें केंद्र सरकार को भेज दी गई हैं। उच्च न्यायालयों में प्रशासनिक दक्षता और न्यायिक कार्यप्रणाली को सशक्त बनाने की दिशा में इन नियुक्तियों को अहम माना जा रहा है।