जमशेदपुर, झारखंड : उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 स्थित डिमना रेजीडेंसी के पास गुरुवार रात एक आरओ प्लांट में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते पूरे प्लांट को लपटों ने अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लांट में मौजूद एक कर्मचारी गैस चूल्हे पर खाना बना रहा था। इसी दौरान चिंगारी पास में रखे सामान पर गिर गई, जिससे आग भड़क गई और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई।
इस अग्निकांड में पानी के जार, मोटर, पाइप, बिजली उपकरण सहित प्लांट का अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।