रामगढ़-बोकारो मार्ग पर समाहरणालय के पास सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम किया

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर जिला समाहरणालय के निकट शुक्रवार दोपहर लगभग 1:30 बजे हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामगढ़ से बोकारो की ओर जा रहे एक हाईवा ने पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मुरुबंदा निवासी हरेंद्र कुमार महतो के रूप में हुई है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और रामगढ़-बोकारो मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने और जिम्मेदार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, प्रदर्शनकारियों को समझाया-बुझाया और आश्वासन देने के बाद जाम समाप्त कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।