पतरातू (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले के पतरातु अनुमंडल अंतर्गत बासल थाना क्षेत्र के लेम गांव स्थित महली टोला में शुक्रवार को घरेलू विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के दौरान पत्नी ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने पति की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान अशोक उरांव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अशोक लंबे समय से शराब का आदी था और नशे में आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी किरण उरांव कई बार मायके पिठोरिया थाना क्षेत्र के दुबलिया गांव चली जाती थी, लेकिन पारिवारिक परिस्थिति के कारण वापस भी लौट आती थी।
घटना वाले दिन भी अशोक कथित रूप से नशे में था और विवाद के दौरान उसने पत्नी पर हमला करने की कोशिश की। अपने बचाव में पत्नी ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और वार कर दिया। पहला वार लगने के बाद गुस्से और घबराहट में उसने लगातार कई वार कर दिए, जिससे अशोक की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही बासल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूछताछ में आरोपी पत्नी ने वारदात स्वीकार कर ली है। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।