रजरप्पा में स्लरी चोरी के दौरान बड़ा हादसा, अचानक मलबा धंसने से चार लोग दबे, स्थानीय लोगों ने बचाया

Spread the love

8334

रामगढ़, झारखंड : सीसीएल रजरप्पा प्रोजेक्ट क्षेत्र के भुचूंगडीह गांव के पास स्थित नौ नंबर स्लरी स्टॉक के निकट शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बताया जाता है कि स्लरी निकालने के दौरान अचानक वहां का मलबा धंस गया, जिसकी चपेट में चार लोग आकर दब गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन भारी मलबे के कारण हाथों से राहत कार्य संभव नहीं हो सका। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता ली गई और काफी प्रयास के बाद सभी चारों लोगों को बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए, केवल मामूली चोटें आईं।

सूत्रों के अनुसार, घटना में शामिल चारों लोग गोला थाना क्षेत्र के मुरपा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस बीच सीसीएल रजरप्पा प्रोजेक्ट प्रबंधन का कहना है कि सूचना मिलते ही सुरक्षा टीम को मौके पर भेजा गया, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही संबंधित लोग वहां से चले गए थे।

रजरप्पा क्षेत्र में हाल के दिनों में कोयला और स्लरी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय स्तर पर साइकिल, स्कूटी और मोटरसाइकिल के जरिये बड़े पैमाने पर तस्करी की जा रही है, जिस पर रोक लगाने के लिए कई बार सख्त कार्रवाई की मांग उठ चुकी है, हालांकि अब तक प्रभावी नियंत्रण नहीं हो सका है।