गढ़वा : यूपी के तीन कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने कराया पैदल मार्च, जनता में बढ़ा भरोसा

Spread the love

गढ़वा, झारखंड : गढ़वा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश के तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इन अपराधियों को जनता के बीच पैदल मार्च कराया, ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधियों के हौसले पस्त हों।

विदित हो कि 29 नवंबर को गढ़वा जिले के नगर उंटारी क्षेत्र में इन अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी पर गोली चलाकर लूटपाट करने का प्रयास किया था। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। SIT ने लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के माध्यम से मामले का सफल उद्भेदन किया और तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। इसके पश्चात अपराधियों को जनता के सामने पैदल मार्च (TRP) कराया गया। पुलिस का मानना है कि इससे आम जनता में विश्वास बढ़ेगा और यह संदेश जाएगा कि अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने अपराधियों के पास से हथियार समेत कई महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए हैं। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।