रामगढ़, झारखंड: इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ द्वारा दोहाकातू बिरहोर क्षेत्र में ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा कार्य संचालित किया गया। इस दौरान रस्सी निर्माण कर अपनी आजीविका चलाने वाले आर्थिक रूप से कमजोर बस्तीवासियों के बीच कंबल एवं मफलर का वितरण किया गया। क्लब का उद्देश्य सर्द मौसम में श्रमिक एवं वंचित वर्ग के परिवारों को राहत उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को गर्म वस्त्र उपलब्ध कराए गए। दोहाकाटू क्षेत्र के कई परिवार परंपरागत रूप से रस्सी बनाने का कार्य करते हैं और सीमित संसाधनों के सहारे जीवनयापन करते हैं। ऐसे में सर्दी के मौसम में इन परिवारों के लिए गर्म कपड़ों की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक हो जाती है।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की सदस्यों ने कहा कि क्लब समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग के हित में कार्य करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और आगे भी ऐसे सेवा एवं मानवता से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे। क्लब की इस पहल से स्थानीय बस्तीवासियों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती दिखाई दी।
इस कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष नमिता श्रॉफ, सचिव जनेशा वडेरा, नीरु साहनी, दीपा वडेरा, जसबिंदर होरा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।