उरीमारी आउटसोर्सिंग खदान में हाई वाल गिरने से दो कर्मियों की मौत, एक गंभीर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : उरीमारी स्थित आउटसोर्सिंग कोयला खदान में शनिवार देर रात हुए हादसे में दो कर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार गुजरात की आशीर्वाद आउटसोर्सिंग कंपनी यहां कोयला निकासी का कार्य करा रही थी। कार्य के दौरान अचानक हाई वाल धंस गया और मौके पर मौजूद ट्रिपर चालक सुनील यादव तथा डंप मैन राजू पासवान मलबे में दब गए। एक अन्य कर्मचारी भी मलबे की चपेट में आया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

बताया जाता है कि रातभर राहत-बचाव कार्य चलते रहा, लेकिन दोनों कर्मियों को मलबे से जीवित नहीं निकाला जा सका। रविवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए, जबकि घायल कर्मचारी का इलाज रामगढ़ के एक निजी अस्पताल में जारी है।

स्थानीय लोगों और कर्मियों ने आरोप लगाया है कि खान सुरक्षा निदेशालय के मानकों की अनदेखी करते हुए काम कराया जा रहा था, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। सुरक्षा उपायों का ठीक से पालन न होने से दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है तथा मामले की जांच की मांग की जा रही है। घटना के बाद से गुजरात की आउट सोर्सिंग कंपनी के सारे अधिकारी व कर्मचारी फरार हैं।