पतरातु (रामगढ़), झारखंड : जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में पतरातु थाना क्षेत्र अंतर्गत पालू जंगल के समीप रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में सीसीएल खलारी परियोजना में कार्यरत महावीर नायक (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 17 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार नायक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार महावीर नायक अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल (नंबर JH 01G B 1319) से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पालू जंगल के पास स्थित एक तीखे मोड़ पर सामने से आ रही स्कॉर्पियो (नंबर JH 01EM 5356) से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि महावीर नायक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक महावीर नायक भदानीनगर ओपी क्षेत्र के लपंगा गांव के निवासी बताए जाते हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।