सिंगल यूज़ प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर नगर परिषद का विशेष अभियान, चेतावनी के साथ कई पर कार्रवाई

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : कार्यपालक पदाधिकारी के आदेशानुसार नगर परिषद रामगढ़ द्वारा  वार्ड संख्या 18 से 25 तक सिंगल यूज़ प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानदारों, ठेला-खोमचा संचालकों एवं आम नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और इसके उपयोग से परहेज करने की अपील की गई।

अभियान के दौरान जिन दुकानदारों एवं लोगों द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग किया जाता पाया गया, उन्हें पहले चेतावनी दी गई। साथ ही कुछ मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई भी की गई। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण और शहर की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

नगर परिषद ने आम लोगों से अपील की है कि वे कपड़े, जूट या अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों का उपयोग करें और रामगढ़ नगर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्लास्टिक-मुक्त बनाने में सहयोग करें।