रांची के पर्ल ऑर्किड अपार्टमेंट में अचानक लगी आग, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू

Spread the love

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं, शॉर्ट सर्किट की आशंका

रांची, झारखंड : राजधानी रांची के अरगोड़ा चौक के पास स्थित पर्ल ऑर्किड अपार्टमेंट में शुक्रवार की सुबह आग लगने से अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग की चपेट में आए फ्लैट में रखे कई महत्वपूर्ण सामान जलकर नष्ट हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

आग जिस फ्लैट में लगी वह झारखंड पुलिस के सार्जेंट मेजर अभिनव पाठक के नाम से दर्ज बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार सबसे पहले फ्लैट के बाथरूम से धुआं उठना शुरू हुआ। उस समय घर में दो बच्चे, एक बुजुर्ग सदस्य, एक महिला और एक पुरुष मौजूद थे, जो जैसे ही धुआं बढ़ता देखे तुरंत बाहर निकल आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे अचानक धुआं पूरे फ्लैट में फैल गया और देखते ही देखते लपटें उठने लगीं। स्थिति बिगड़ते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

घटना 11वीं मंजिल के फ्लैट में हुई, जिसके बाद पूरे अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। अन्य फ्लैटों में रहने वाले लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए सीढ़ियों से बाहर आकर स्वयं को सुरक्षित किया। पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रही। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।