रामगढ, झारखंड : श्री कृष्ण विद्या मंदिर का परिसर एक जीवंत उत्सव का साक्षी बना, जहां ‘ फन एंड फूड कार्निवाल’ का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में उत्साह, स्वाद और प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) उपस्थित थे। अन्य गण्यमान्य अतिथियों में विद्यालय सचिव विमल किशोर जाजू, कोषाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, श्री कृष्ण विकास संस्थान के अध्यक्ष महेश अग्रवाल, माननीय वरिष्ठ सदस्य शिवकुमार अग्रवाल एवं महावीर अग्रवाल उपस्थित थे। कार्यक्रम में प्रस्तुत किए गए फैंसी शो एवं सोलो तथा ग्रुप डांस के जज के रूप में नेहा अग्रवाल एवं रश्मि पोद्दार ने अपना बहुमूल्य योगदान दिया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यालय की प्रथम महिला पिंकी अग्रवाल, निर्मला अग्रवाल तथा पिंकी बंसल ने खानपान स्टॉल का उद्घाटन किया। खुशबू अग्रवाल एवं अन्य माननीय अतिथियों के साथ-साथ सैकड़ो की संख्या में अभिभावकों ने आज के विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रमों का आनंद उठाया।
विभिन्न स्कूलों, संस्थाओं तथा स्वतंत्र रूप सेकुल 68 प्रतिभागियों ने फैंसी शो तथा नृत्य में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा बनवाया तथा फन एंड फूड कार्यक्रम की शोभा एवं सफलता में चार चांद लगा दिया। विशिष्ट अतिथियों का स्वागत गरिमापूर्ण और ससम्मान पुष्प गुच्छ भेंट द्वारा किया गया। इसके उपरांत कार्यक्रम का विधिवत आरंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने वातावरण को उत्साह, आनंद और ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद अन्य विद्यालयों के प्रतिभागियों द्वारा फैशन शो और सोलो डांस प्रदर्शन का क्रम आरंभ हुआ। प्रतिभागियों ने विभिन्न थीम, वेशभूषा और रंगों से रैंप पर अपने आत्मविश्वास की अमिट छाप छोड़ी, वहीं एकल नृत्य की प्रस्तुतियों ने कलात्मक सौंदर्य और ऊर्जा का अद्भुत समागम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सर्वाधिक आकर्षण केंद्र इसके फूड स्टॉल्स रहे जहां स्वयं शिक्षकगण अतिथियों के सत्कार के लिए मौजूद थे। यह दृश्य आयोजन की गरिमा और सामूहिक सहयोग की भावना को उजागर कर रहा था। पाव – भाजी, मोमोज, गोलगप्पे, आइसक्रीम से लेकर लजीज चाइनीस व्यंजनों तक, स्वाद का एक विस्तृत संसार यहां मौजूद था। इसके अलावा मनोरंजक खेल गतिविधि के स्टॉल्स भी बच्चों के लिए उपलब्ध थे। संपूर्ण व्यवस्था कूपन प्रणाली के माध्यम से सुचारू रूप से संचालित थी। कार्यक्रम के अंतिम चरण में विज्ञान प्रदर्शनी, फैशन शो और नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने सभी को बधाई दी। अपने संबोधन में प्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक मेला नहीं बल्कि छात्रों की रचनात्मक और हमारे शिक्षकों के समर्पण का प्रतिबिंब है।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ जहां सभी उपस्थित महानुभावों, वक्ताओं और दर्शकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। संपूर्ण आयोजन में शिक्षको, समस्त कर्मठ कर्मचारियों और ऊर्जावान स्वयंसेवकों का समर्पित योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। उनकी तत्परता, मेहनत और नेतृत्व ने आयोजन को सुव्यवस्थित, आनंदपूर्ण और स्मरणीय बना दिया। यह कार्निवल न केवल विद्यार्थियों की सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर बना बल्कि एक सामूहिक उत्सव और सहयोग की भावना का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
रात्रि में रामगढ़ शहर के सैकड़ो गण्यमान्य एवं प्रबुद्ध अतिथियों ने नव वर्ष के अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा आयोजित लिट्टी चोखा एवं चाट तथा मिष्ठान का आनंद उठाया। विद्यालय अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें आने वाले नववर्ष की बधाई दी।इस रात्रि कार्यक्रम के लिए संपूर्ण विद्यालय परिसर को दुल्हन की तरह रौशनी से सजा दिया गया था।