रांची, झारखंड :झारखंड की राजधानी रांची (झारखंड) के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 (CGL) में सफल 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं के लिए “नए वर्ष का उपहार” बताते हुए कहा कि राज्य सरकार युवा शक्ति को अवसर, सम्मान और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा कि सरकार लगातार नियुक्तियों की प्रक्रिया को तेज कर रही है, ताकि रिक्त पदों पर योग्य युवाओं को समय पर अवसर मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि नई नियुक्तियाँ झारखंड के प्रशासनिक तंत्र को और मजबूत बनाएंगी तथा राज्य के विकास कार्यों में तेजी लाएंगी।
इस अवसर पर बताया गया कि नियुक्त अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में पदस्थापित किया जाएगा। युवा प्रतिभाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने की यह पहल रोजगार सृजन, सुशासन और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे पर उत्साह और खुशी देखने को मिली।
सरकार का दावा है कि आने वाले समय में भी कई विभागों में और भर्ती प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिल सके।