रामगढ़ में गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश उत्सव की धूम, पहले दिन निकाली गई प्रभात फेरी

Spread the love

रामगढ़, झारखंड  : साहिब श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश उत्सव को लेकर रामगढ़ (झारखंड) में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। उत्सव के प्रथम दिवस पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से तड़के प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में संगत शामिल हुई। प्रभात फेरी की शुरूआत गुरुद्वारा साहिब से हुई और किला मंदिर, लोहार टोला, चट्टी बाजार, झंडा चौक होते हुए मुख्य मार्ग से वापसी गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुई।

प्रभात फेरी में निशान साहेब लेकर जसकीरत सिंह सैनी अगुवाई कर रहे थे। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने गुरुवाणी का कीर्तन किया और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। गुरुद्वारा परिसर में संगत के लिए चाय और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। साथ ही निशान साहेब पर फूलों की मालाएँ अर्पित कर अरदास की गई।

प्रभात फेरी में गुरुद्वारा के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, मीत प्रधान अमरजीत सिंह सैनी, हरजीत सिंह छाबड़ा, तेजेंद्र सिंह सोनी, मनजीत सिंह, रौनक छाबड़ा, इकबाल सिंह छाबड़ा, जसकीरत सिंह भाटिया, राजू जस्सल, जसमीत कौर, रोमी छाबड़ा, गुरबक्श कौर, लवली लांबा सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ, युवा और श्रद्धालु शामिल रहे।

प्रकाश पर्व को लेकर आगे भी धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी। संगत के अनुसार आने वाले दिनों में कीर्तन, गुरुवाणी पाठ एवं लंगर का विशेष आयोजन किया जाएगा।