हजारीबाग में नए साल की रात युवक की हत्या, तलवार से वार कर ली गई जान

Spread the love

बिलखती सूरज की मां

हजारीबाग, झारखंड : नए साल के जश्न के बीच शहर के इंद्रपुरी चौक पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक वारदात हुई, जहाँ 30 वर्षीय सूरज कुमार राणा की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक मडई खुर्द का रहने वाला था और टाइल्स-मार्बल का काम करता था। घटना रात लगभग 10 बजे से 12 बजे के बीच होने की बात सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार, इंद्रपुरी चौक पर कुछ युवकों के साथ सूरज की कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपित युवक उसे जबरन खींच कर  रेडक्रॉस भवन के पास ले गए, जहाँ पहले मारपीट की गई और फिर लाल कोठी चौक की ओर ले जाकर उस पर तलवार से हमला किया गया। गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया गया कि जब युवक को खींच कर ले जाया जा रहा था तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन आरोपियों ने पुलिस के पहुँचने से पहले ही वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है। मृतक के परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है।