रामगढ़ गुरुद्वारा साहिब में धूमधाम से मनाया गया साहिब श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश उत्सव, विशेष दीवान और अटूट लंगर का आयोजन

Spread the love
भजन गाते रागी

रामगढ़ कैंट, झारखंड। रामगढ़ गुरुद्वारा साहिब में साहिब श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश उत्सव पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, रामगढ़ कैंट की ओर से विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सिख संगत ने भाग लिया।

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को गुरुद्वारा साहिब में दिनभर दीवान और कीर्तन दरबार सजे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7:45 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के साथ हुई। इसके बाद सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें रागी जत्थों ने गुरु महिमा का गुणगान कर संगत को निहाल किया।

कीर्तन दरबार के उपरांत दोपहर 2:45 बजे कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसके बाद संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। प्रकाश उत्सव को लेकर पिछले छह दिनों से प्रभात फेरियों का आयोजन किया जा रहा था, जिससे पूरे रामगढ़ क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ था।

गुरुद्वारा साहिब में “वाहो-वाहो गोविंद सिंह, आपे गुर चेला” जैसे पवित्र शब्दों से वातावरण गूंज उठा और संगत भावविभोर हो गई। वहीं रात्रि में भी विशेष दीवान का आयोजन किया गया। शाम 6:15 बजे से रात 10 बजे तक कीर्तन दरबार में प्रसिद्ध रागियों और ग्रंथियों ने गुरु वाणी का कीर्तन प्रस्तुत किया। रात 10:15 बजे कार्यक्रम की समाप्ति के बाद पुनः गुरु का लंगर वितरित किया गया।
कार्यक्रम में भाई बलजीत सिंह (पटियाला वाले), भाई सरबजीत सिंह (हजूरी रागी) और भाई विवेक सिंह (हेड ग्रंथी) ने विशेष रूप से संगत को निहाल किया। आयोजन में गुरुद्वारा प्रधान परमदीप सिंह कालरा, उपप्रधान सरदार अमरजीत सिंह सैनी सहित गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।