कुजू नया मोड़ में बालू व कोयला कारोबारी के घर फायरिंग, सात राउंड गोलियां चलीं, पर्चा छोड़ फरार हुए अपराधी

Spread the love

डब्बू सिंह

कुजू (रामगढ़), झारखंड। रामगढ़ जिले के कुजू नया मोड़ इलाके में सोमवार देर शाम बालू और कथित  कोयला कारोबार से जुड़े कारोबारी डब्बू सिंह के आवास पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। बाइक सवार बदमाशों ने करीब सात राउंड गोलियां चलाईं और मौके पर धमकी भरा पर्चा छोड़कर फरार हो गए।

सड़क पर गिरा गोली का खोखा

जानकारी के अनुसार घटना सोमवार शाम लगभग 6:30 बजे की है। यह वारदात कुजू ओपी प्रभारी के आवास के बगल में स्थित डब्बू सिंह के घर पर हुई। फायरिंग के दौरान चार गोलियां घर के मुख्य गेट पर, दो गोलियां अहाते में खड़ी थार वाहन के पिछले हिस्से में और एक गोली घर की खिड़की पर लगी है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

खिड़की पर गोली के निशान

घटनास्थल से बरामद पर्चे में पहले चेतावनी के तौर पर गोली चलाने और इसके बाद गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है। पर्चे में राहुल दुबे गिरोह द्वारा घटना की जिम्मेदारी लिए जाने की बात सामने आ रही है।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार, मांडू थाना प्रभारी सदानंद प्रसाद समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चला रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार डब्बू सिंह का नाम पहले भी अवैध कोयला कारोबार और बालू उठाव से जुड़े मामलों में चर्चा में रहा है। बताया जा रहा है कि कारोबारी को पूर्व में भी धमकियां मिल चुकी थीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।