झारखंड : रामगढ़ कैंट में महाकाल महोत्सव का भव्य आयोजन, मंत्रोच्चार और भजनों से गूंजा विघ्नहरणेश्वरी मंदिर परिसर

Spread the love

महाकाल पूजा में सांसद मनीष जायसवाल व अन्य

रामगढ़ कैंट, झारखंड : सामाजिक संगठन रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति (आरबीएसएस) की ओर से नववर्ष के पहले सोमवार को रामगढ़ जिला वासियों की सुख, समृद्धि और शांति की कामना को लेकर महाकाल महोत्सव का आयोजन किया गया। मेन रोड स्थित सुभाष चौक के मां विघ्नहरणेश्वरी मंदिर परिसर में भगवान श्री महाकाल का भव्य दरबार सजाया गया।

इस अवसर पर पुजारी संजयेंद्र गुरु ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सांसद प्रतिनिधि सह आरबीएसएस के केंद्रीय अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटूस सहित श्रद्धालुओं को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। पूजन के पश्चात रुद्राभिषेक और महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।

महोत्सव में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने भी उपस्थित होकर महाकाल की आराधना की और लोकसभा क्षेत्र सहित रामगढ़ जिला वासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में रामगढ़ जिले के कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं भजन-कीर्तन के दौरान गायकों की प्रस्तुतियों पर शिवभक्त झूमते नजर आए। आयोजन में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

RBSS के केंद्रीय अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि नववर्ष की शुरुआत महाकाल की आराधना से कर राष्ट्र, झारखंड राज्य और रामगढ़ जिले की उन्नति तथा जिला वासियों के कल्याण की प्रार्थना की गई है।