रामगढ़ कैंट, झारखंड : कड़ाके की ठंड को देखते हुए शांतिधारा फ़ाउंडेशन की ओर से नववर्ष के अवसर पर जरूरतमंद बच्चों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम “गिफ़्ट ए स्माइल” अभियान के तहत मोरामकला महतो टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में संपन्न हुआ।
शांतिधारा फ़ाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही ठंड के कारण वंचित और उपेक्षित वर्ग के बच्चों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित सभी बच्चों को उपहार स्वरूप एक-एक कंबल प्रदान किया गया।
आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका सावित्री देवी और सहायिका सुशीला देवी ने इस सामाजिक कार्य के लिए शांतिधारा फ़ाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से जरूरतमंद बच्चों को ठंड से बचाव में काफी मदद मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने भी फ़ाउंडेशन की इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य जारी रखने की उम्मीद जताई।