रांची, झारखंड ; राज्य में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए झारखंड सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने आदेश जारी कर राज्य के सभी विद्यालयों में प्री-नर्सरी से लेकर 12वीं तक की कक्षाओं को 8 जनवरी 2026 तक बंद रखने का निर्देश दिया है।
यह आदेश विभाग की अपर सचिव सीता पुष्पा द्वारा 5 जनवरी 2026 को जारी किया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश के अनुसार झारखंड में संचालित सभी श्रेणी के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी विद्यालयों में कक्षाएं बंद रहेंगी।
हालांकि, सभी सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को इस अवधि में विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना अनिवार्य होगा।
विभागीय आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि इस दौरान किसी विद्यालय में प्री-बोर्ड परीक्षा निर्धारित है, तो संबंधित सक्षम प्राधिकार अपने विवेकानुसार परीक्षा संचालन को लेकर निर्णय ले सकते हैं। इस प्रस्ताव को विभागीय सचिव की स्वीकृति प्राप्त है।