जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम), झारखंड : जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर-6 स्थित टेल्को कंपनी की बाउंड्रीवाल के अंदर जंगल क्षेत्र में ब्राउन शुगर के अवैध धंधे को लेकर दो गुटों के बीच खूनी झड़प हो गई। इस घटना में जुगसलाई निवासी सोहेल अहमद (22) की नृशंस हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी अब्दुल सूफियान गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार जंगल के भीतर एक नाले के पास कथित तौर पर ब्राउन शुगर के सौदे को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद और फिर हिंसक संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि हमलावरों ने घात लगाकर पीछे से सोहेल पर चापड़ से हमला किया और बाद में उसका गला रेत दिया। हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए सोहेल की एक हथेली काटकर अलग कर दी।
गंभीर चोटों के कारण सोहेल की मौके पर ही मौत हो गई। उसे बचाने आए उसके साथी अब्दुल सूफियान पर भी चापड़ से हमला किया गया, जिससे उसके सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर जंगल की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अब्दुल सूफियान को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतक सोहेल अहमद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।