कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू गुरुद्वारा में बुधवार को सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज का प्रकाशोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कुजू सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साध-संगत ने पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लिया।
प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, कुजू में 5 जनवरी से प्रारंभ श्री अखंड पाठ साहेब का समापन किया गया। इसके पश्चात कीर्तन एवं अरदास संपन्न हुई। दिन व रात गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न समुदायों के लोगों ने गुरु का प्रसाद ग्रहण किया।
गुरुद्वारा के बाबा दिनेश सिंह ने गुरु गोबिंद सिंह महाराज के उपदेशों पर प्रकाश डालते हुए साध-संगत से उन्हें जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने खालसा पंथ की स्थापना और गुरु के त्याग व शौर्य का स्मरण कराते हुए मानवता, सेवा और साहस के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रधान अरविंदर सिंह बग्गा, पूर्व प्रधान पाले गिल, गुरदीप सिंह गुंडे, बागी सिंह, मंजीत सिंह शम्मी, रिक्की सिंह, सन्नी देओल, गुरमीत सिंह, रिंकल सिंह, मंजीत सिंह, गुरदीप सिंह, चरणजीत सिंह, बलजीत सिंह, सुमित सिंह, हरप्रीत सिंह, छोटू सिंह, संदीप सिंह, बलवीर सिंह, राजवीर सिंह, अमरजीत सिंह, अरबिंदर सिंह, रविंदर सिंह और राजू सिंह सहित अन्य सेवादारों की सराहनीय भूमिका रही।