भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले झारखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद डॉ. यदुनाथ पांडेय

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से बुधवार को झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह हजारीबाग के पूर्व सांसद डॉ. यदुनाथ पांडेय ने आत्मीय भेंट की। यह मुलाकात नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय में हुई। इस अवसर पर डॉ. पांडेय ने नितिन नबीन को अंग-वस्त्र भेंट कर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दीं तथा उनके ओजस्वी नेतृत्व और संगठन के प्रति अटूट समर्पण की सराहना की।

डॉ. पांडेय ने नितिन नबीन के उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। वहीं, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘कांग्रेस मुक्त हिंदुस्तान’ के लक्ष्य को साकार करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

मुलाकात के दौरान नितिन नबीन ने डॉ. पांडेय से झारखंड, विशेषकर संगठनात्मक स्थिति और जमीनी स्तर पर पार्टी की मजबूती को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन को जोड़ने के संकल्प को दोहराते हुए सभी को साथ लेकर चलने की बात कही। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में कई गूढ़ एवं महत्वपूर्ण राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर पार्टी के अन्य वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।