नयी दिल्ली / लखनऊ : लोकगीत गायिका और सामाजिक टिप्पणीकार नेहा सिंह राठौर को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने उनके खिलाफ दर्ज मामले में गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है। इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नेहा सिंह राठौर की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।
यह मामला पहलगाम में हुई आतंकी घटना को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट से जुड़ा है। आरोप है कि उक्त पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर विवादित टिप्पणी की गई थी। इसके बाद नेहा सिंह राठौर के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
सरकार और शिकायतकर्ता को नोटिस
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार और मामले के शिकायतकर्ता को नोटिस जारी किया है। साथ ही कोर्ट ने यह स्पष्ट किया है कि अगली सुनवाई तक नेहा सिंह राठौर के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।
हालांकि अदालत ने नेहा सिंह राठौर को जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर जांच में पूरा सहयोग करने का निर्देश भी दिया है।
नेहा सिंह राठौर का बयान
सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई है, जिसके लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया।
हजरतगंज कोतवाली भी पहुंची थीं नेहा
गौरतलब है कि इससे पहले नेहा सिंह राठौर पुलिस नोटिस मिलने के बाद लखनऊ स्थित हजरतगंज कोतवाली पहुंची थीं। देर रात पहुंचने के कारण उस समय उनका बयान दर्ज नहीं हो सका था। पुलिस ने बताया था कि उन्हें दिन में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जाएगा।
इस पूरे मामले में शिकायत हजरतगंज थाने में दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद गिरफ्तारी की आशंका को लेकर नेहा सिंह राठौर ने पहले हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी।