बीएफसीएल ने लगाया निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 100 से अधिक लोगों की हुई आंखों की जांच

Spread the love

रामगढ़, झारखंड  : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) की ओर से रामगढ़ जिले के मरार स्थित महतो टोला सामुदायिक भवन में आइरिस संस्था के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महतो टोला सहित आसपास के इलाकों से आए 100 से अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई।

शिविर के दौरान आइरिस के अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की विस्तृत नेत्र जांच की। जांच के बाद जिन लोगों में दृष्टि दोष पाया गया, उन्हें निःशुल्क पावर चश्मा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं, मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के लिए बीएफसीएल प्रबंधन की ओर से निःशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था की जाएगी।

बीएफसीएल प्रबंधन ने बताया कि जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है। इसी क्रम में आगामी 9 जनवरी 2026 को रामगढ़ जिले के रांची रोड स्थित राजकीय आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में एक और निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।