रजरप्पा (रामगढ़), झारखंड : भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) के निदेशक के. संजय मूर्ति एवं उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक रेबेका मथाई शुक्रवार को झारखंड के रामगढ़ जिले स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा पहुंचे। यहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक मां छिन्नमस्तिका की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजा के उपरांत दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने मंदिर परिसर में कुछ समय बिताया तथा रजरप्पा की मनोरम प्राकृतिक छटाओं का आनंद लिया। साथ ही उन्होंने मंदिर प्रक्षेत्र का भ्रमण कर इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मां छिन्नमस्तिका धार्मिक न्यास समिति की ओर से मंदिर आगमन पर अधिकारियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
इस अवसर पर रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, चितरपुर अंचलाधिकारी दीपक मिंज, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।