झारखंड के पूर्वी सिंहभूम में भीषण सड़क हादसा: खड़े हाइवा से टकराई स्कूटी, तीन की मौत, एक गंभीर

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम (झारखंड) : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। मुसाबनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरदा यूनियन बैंक के पास सड़क किनारे खड़े एक खराब हाइवा में स्कूटी जा घुसी। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घाटशिला थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर निवासी राहुल कर्मकार अपने दो सगे भाइयों रोहित कर्मकार (21), समीर कर्मकार (18) और भांजे राज गोप (17) के साथ एक ही स्कूटी से ससुराल गया था। लौटने के दौरान रात करीब 7:15 बजे सुरदा पहुंचते ही उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े हाइवा से टकरा गई।

हादसे में रोहित कर्मकार, समीर कर्मकार और राज गोप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, राहुल कर्मकार (26) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही घाटशिला और मुसाबनी थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जुट गए, जिससे माहौल गमगीन हो गया। बताया गया कि मृतकों में रोहित और राहुल दोनों विवाहित थे और वे घाटशिला क्षेत्र में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।