भुवनेश्वर (ओडिशा) : ओडिशा में शनिवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा टलते-टलते रह गया। इंडिया वन एयर का 9-सीटर चार्टर्ड विमान लैंडिंग से पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पायलट समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह विमान भुवनेश्वर से राउरकेला की उड़ान पर था। दोपहर करीब 1:30 बजे राउरकेला एयरपोर्ट से लगभग 10–15 किलोमीटर पहले सुंदरगढ़ जिले के जालदा ए-ब्लॉक (कंसारा क्षेत्र) के पास विमान में तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति बिगड़ने पर पायलट ने खेत में आपात लैंडिंग कराने की कोशिश की, लेकिन विमान संतुलन खो बैठा और क्रैश हो गया।
विमान में चार यात्री और दो पायलट सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही राउरकेला और पानपोश फायर स्टेशन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और विमान में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
हादसे की तस्वीरों में विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त और पंख टूटे हुए नजर आ रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-KSS बताया गया है। नागरिक उड्डयन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी खराबी को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।