रामगढ़ : बीएफसीएल प्रदूषण के खिलाफ जनआंदोलन, लोग सड़क पर उतरे, पदयात्रा व धरना आयोजित

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ के रांची रोड मरार स्थित औद्योगिक क्षेत्र में अवस्थित बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग लिमिटेड (बीएफसीएल) द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण के खिलाफ स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित नागरिकों ने इस प्रदूषण को जानलेवा बताते हुए इसे अविलंब बंद करने की मांग की।

रविवार 11 जनवरी 2026 को प्रदूषण के विरोध में पदयात्रा एवं धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को लेकर सुबह करीब नौ बजे से ही रांची रोड में प्रदूषण पीड़ित आम जनता का जुटान शुरू हो गया था। इससे पूर्व क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों से पदयात्रा और धरना में शामिल होने की अपील की गई थी।

रांची रोड से बड़ी संख्या में महिलाएं सहित लोग सुभाष चौक तक पदयात्रा के लिए रवाना हुए। पदयात्रा बाजे-गाजे के साथ निकाली गई, जिसमें लोग हाथों में तख्तियां लेकर बीएफसीएल प्रबंधन, जिला प्रशासन, हजारीबाग सांसद, रामगढ़ विधायक एवं मांडू विधायक के खिलाफ नारे लगाते चल रहे थे।

 

सुभाष चौक पहुंचकर माता विघ्न हरणेश्वरी मंदिर के समक्ष लोगों ने प्रदूषण के खिलाफ धरना दिया। इस दौरान भी लगातार नारेबाजी होती रही। इसी क्रम में जब प्रदूषण विरोधी जुलूस गांधी चौक से होकर गुजरा, उस समय कांग्रेस पार्टी द्वारा गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना दिया जा रहा था। जुलूस में लगाए जा रहे नारों को वहां मौजूद लोगों ने भी सुना।

आश्चर्यजनक रूप से इस जनआंदोलन में किसी भी राजनीतिक दल के नेता या कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी नहीं दिखी। राजनीती से जुड़े लोगों में केवल पूर्व विधायक शंकर चौधरी एवं कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शांतनु मिश्रा ही पदयात्रा और धरना में शामिल हुए।

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक बीएफसीएल द्वारा फैलाया जा रहा प्रदूषण बंद नहीं होता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि आवश्यकता पड़ने पर वे प्रदूषण के खिलाफ कानूनी रास्ता भी अपनाएंगे।