हजारीबाग (झारखंड) : झारखंड के हजारीबाग जिले में हुए चर्चित सूरज राणा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लोहसिंघना थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी चौक पर हुई इस हत्या के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना 1 जनवरी 2026 की रात की है। डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद असामाजिक तत्वों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर सूरज कुमार राणा की निर्मम हत्या कर दी थी। इस हमले में कुलदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनका इलाज अभी जारी है।
SIT के गठन के बाद तेज हुई जांच
मृतक की पत्नी काजल कुमारी के लिखित आवेदन के आधार पर लोहसिंघना थाना में कांड संख्या 01/26 दर्ज किया गया था। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की गंभीर धाराओं के तहत दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
कई राज्यों में छापेमारी कर गिरफ्तारी
SIT ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र के आधार पर दिल्ली, नोएडा, रांची, रामगढ़ और चतरा समेत कई स्थानों पर छापेमारी की। 10 जनवरी 2026 को नोएडा सेक्टर-126 से तीन आरोपियों को पकड़ा गया। उनसे मिली जानकारी के आधार पर बड़कागांव थाना क्षेत्र के पिपराडीह गांव से चार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। इसके बाद कोलवाडी क्षेत्र से एक विधि-विवादित किशोर को भी निरुद्ध किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राहुल कुमार यादव, रोशन यादव, दीपक यादव उर्फ दीपक कुमार, सोनू कुमार उर्फ सोनू साह, राहुल कुमार उर्फ लोलो, अमन कुमार उर्फ रोहन और मुकेश कुमार यादव शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एक किशोर को भी हिरासत में लिया गया है।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी तलवार और बेसबॉल बैट बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि हजारीबाग पुलिस अपराध पर पूरी तरह सख्त है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।