रांची (झारखंड): लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीति और मीडिया की भूमिका को लेकर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला ने महत्वपूर्ण विचार रखे। सोमवार को झारखंड की राजधानी रांची स्थित द रांची प्रेस क्लब में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि राजनीति और मीडिया एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों का अंतिम उद्देश्य देश और समाज के हितों की रक्षा होना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि राजनीति शासन की दिशा निर्धारित करती है, जबकि मीडिया शासन की नीतियों और फैसलों को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करता है। जब राजनीतिक व्यवस्था अपने मूल उद्देश्य से भटकती है, तब मीडिया की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। इसी कारण मीडिया को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ माना गया है।
तथ्यपरक और संतुलित आलोचना जरूरी
शिवप्रताप शुक्ला ने कहा कि मीडिया की आलोचना तथ्यों पर आधारित और संतुलित होनी चाहिए। मजबूत तथ्यों के साथ सच सामने लाने से पीछे नहीं हटना चाहिए, लेकिन सनसनी फैलाने या चरित्र हनन जैसी प्रवृत्तियां पत्रकारिता की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पत्रकारिता में कभी चूक हो जाए, तो उसे स्वीकार कर आत्ममंथन करना चाहिए।
विचारधारात्मक विभाजन लोकतंत्र के लिए चुनौती
राज्यपाल ने चिंता जताई कि आज राजनीति के साथ-साथ मीडिया भी अलग-अलग विचारधाराओं में बंटती नजर आ रही है, जो लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत सोच से ऊपर राष्ट्र और समाज को रखना ही स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान है।
पत्रकारिता पर बढ़ता व्यावसायिक दबाव
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता केवल मिशन न रहकर नौकरी तक सीमित होती जा रही है। खबरों के साथ विज्ञापन का दबाव पत्रकारों की स्वतंत्रता को प्रभावित करता है, जिसका असर समाचारों की गुणवत्ता पर पड़ता है। पारदर्शिता और संवाद ही इस चुनौती का समाधान है।
संवाद शृंखला की हुई शुरुआत
कार्यक्रम के अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री बलबीर दत्त ने कहा कि बाजारवाद के प्रभाव से मीडिया का मूल उद्देश्य प्रभावित हो रहा है, जिससे पत्रकारिता की आत्मा कमजोर हो रही है।
रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी ने बताया कि इस संवाद शृंखला का उद्देश्य राजनीति, प्रशासन, समाज और मीडिया से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष और सार्थक विमर्श को बढ़ावा देना है।
क्लब के सचिव अभिषेक सिन्हा ने कहा कि रांची प्रेस क्लब भविष्य में भी पत्रकारों के बौद्धिक विकास और लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत करने वाले कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष बिपिन उपाध्याय ने किया।
कार्यक्रम में कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार सिन्हा, डॉ. रामाज्ञा तिवारी, सुमन श्रीवास्तव, ओमरंजन मालवीय, राजेश कुमार सिन्हा, विनय चतुर्वेदी, क्लब के संयुक्त सचिव चंदन भट्टाचार्य, कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह, कार्यकारिणी सदस्य राजन बॉबी, संतोष कुमार सिन्हा, अशोक गोप, संजय सुमन, प्रतिमा कुमारी, निर्भय कुमार, चंदन वर्मा, अमित कुमार, विजय गोप, सौरभ शुक्ला, आनंद मोहन, भीष्म सिंह, प्रशांत शरण, राजीव मिश्र, अखिलेश सिंह, प्रेस क्लब के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।