झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा जल्द, 28 फरवरी तक पूरी होगी मतदान से परिणाम तक की प्रक्रिया

Spread the love

रांची (झारखंड) : झारखंड में लंबे समय से लंबित नगर निकाय चुनाव को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम का खाका लगभग तैयार कर लिया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 28 फरवरी 2026 तक पूरी चुनावी प्रक्रिया संपन्न करा ली जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल की ओर से 18 फरवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र और निकाय चुनाव को लेकर सहमति मिल चुकी है। इसके बाद राज्य सरकार औपचारिक रूप से निकाय चुनाव से संबंधित प्रस्ताव राज्य निर्वाचन आयोग को भेजेगी। प्रस्ताव मिलते ही आयोग चुनाव की अधिसूचना जारी कर प्रक्रिया शुरू करेगा।

तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं राज्य निर्वाचन आयुक्त

राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने हाल ही में एक उच्चस्तरीय बैठक में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की थी। इस दौरान अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए गए थे ताकि चुनाव समय पर और शांतिपूर्ण ढंग से कराए जा सकें।

राज्य निर्वाचन आयोग के प्रमुख निर्देश

गोड्डा, दुमका और सरायकेला-खरसावां जिलों से मतपेटिकाओं की उपलब्धता और मरम्मत से जुड़ी रिपोर्ट तलब

मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था के लिए सुरक्षा बलों की आवश्यकता का आकलन

निर्वाचन कर्मियों, निर्वाची पदाधिकारियों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण इसी माह पूरा करने की योजना

मेयर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण को शीघ्र अंतिम रूप देकर सार्वजनिक करना

चुनाव घोषणा से पहले सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्ण करने के निर्देश

मार्च से पहले चुनाव संपन्न कराने की रणनीति

प्रस्तावित चुनाव कार्यक्रम

27 जनवरी : नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी

3 फरवरी तक : नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि

10 फरवरी : चुनाव चिन्हों का आवंटन

24–25 फरवरी : मतदान

28 फरवरी : मतगणना और परिणाम घोषित

झारखंड निकाय चुनाव : एक नजर

राज्य के 48 नगर निकायों में होंगे चुनाव

इनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल

वर्ष 2020 से लंबित हैं निकाय चुनाव

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव प्रक्रिया में आई तेजी

राज्य निर्वाचन आयोग का दावा है कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।