चोपादारू गांव में जंगली हाथी की रहस्यमय मौत, वन विभाग सतर्क, इलाके में बढ़ाई गई निगरानी

Spread the love

 गोला (रामगढ़) झारखंड : रामगढ़ जिले के गोला वन क्षेत्र अंतर्गत चोपादारू गांव में सोमवार की देर रात एक जंगली हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है। हाथी की मौत के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।

वन क्षेत्र पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। मृत हाथी के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया है और हर संभावित पहलू की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत हाथी के साथ एक अन्य हाथी भी मौजूद था।

बताया गया कि दोनों हाथी रात के समय एक किसान के खेत में घुस गए थे, जहां उन्होंने आलू की फसल को नुकसान पहुंचाया। इसी दौरान एक हाथी की मौत हो गई, जबकि दूसरा हाथी जंगल की ओर निकल गया। आशंका जताई जा रही है कि साथी हाथी की मौत के बाद दूसरा हाथी आक्रामक हो सकता है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने हाथी भगाओ दल को अलर्ट कर दिया है। आसपास के गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

गौरतलब है कि रामगढ़ जिले का गोला वन क्षेत्र जंगली हाथियों के नियमित आवागमन का इलाका बन चुका है। वर्ष भर हाथियों की मौजूदगी के कारण फसलों, मकानों और अन्य संपत्तियों को नुकसान की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कई मामलों में जान-माल की क्षति भी हो चुकी है।

वन विभाग की ओर से फसल और मकान क्षति पर मुआवजा देने का प्रावधान है, जबकि किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है। फिलहाल चोपादारू गांव और आसपास के इलाकों में भय और उत्सुकता का माहौल है। मृत हाथी के सूंढ़ से खून निकल रहा था ।अब  पोस्टमार्टम के बाद ही इस जंगली हाथी की मौत का वास्तविक कारण सामने आ सकेगा