झारखंड के रामगढ़ में राष्ट्रीय युवा दिवस पर रक्तदान शिविर, रेड क्रॉस ने युवाओं से रक्तदान को जिम्मेवारी बनाने की अपील

Spread the love
रक्तदान करती युवती

रामगढ़ (झारखंड) : स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर झारखंड के रामगढ़ जिले में सोमवार को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से एक वृहद रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और समाजसेवियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ रेड क्रॉस सोसाइटी रामगढ़ शाखा के चेयरमैन अनूप कुमार, वाइस चेयरमैन महावीर अग्रवाल, सचिव इंद्रपाल सिंह सैनी, डॉ निषात अहमद सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

रक्तदान को जीवन की जिम्मेवारी बनाने की अपील : अनूप कुमार

इस अवसर पर चेयरमैन अनूप कुमार ने कहा कि रक्तदान केवल एक सेवा नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेवारी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रक्तदान को नियमित आदत बनाएं, ताकि किसी भी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

युवा ही विकसित भारत की नींव : महावीर अग्रवाल

वाइस चेयरमैन महावीर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस हमें स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका अहम है और सामाजिक कार्यों में सहभागिता से ही मजबूत भारत का निर्माण संभव है।

मानवता की सेवा का श्रेष्ठ माध्यम : इंद्रपाल सिंह सैनी

रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव इंद्रपाल सिंह सैनी ने रक्तदान को एक पवित्र और महान कार्य बताते हुए रक्तदाताओं के प्रति आभार जताया। वहीं डॉ निषात अहमद ने कहा कि रक्तदान और अंगदान जैसे कार्य अपनाकर अनेक जिंदगियां बचाई जा सकती हैं, यही सच्ची मानव सेवा है।

निरंतर शिविरों से रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की पहल

रेड क्रॉस सोसाइटी रामगढ़ शाखा की ओर से बताया गया कि जिले में रक्त की कमी न हो, इसके लिए लगातार रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य है कि आपात स्थिति में किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी न हो। राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित इस रक्तदान शिविर में कुल 35 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ ।

कार्यक्रम में मुरारी लाल अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, डॉ उदय श्रीवास्तव, उपेंद्र कुमार साहू, इंद्र किशोर राम सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी और स्वयंसेवक मौजूद रहे।