झारखंड के रामगढ़ कैंट में बंद फैक्ट्री में सशस्त्र लूट, हथियारबंद अपराधियों ने तांबा-पीतल के 25-30 के सामान लूटे    

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : झारखंड के रामगढ़ जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत छत्तमांडू के समीप स्थित बंद पड़ी दयाल एलाय एंड स्टील कास्टिंग्स फैक्ट्री में रविवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। देर रात करीब ढाई बजे आठ से नौ की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने फैक्ट्री की पिछली दीवार तोड़कर परिसर में प्रवेश किया।

फैक्ट्री के अंदर मौजूद नाइट शिफ्ट में तैनात सुरक्षा गार्डों को अपराधियों ने हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। सभी अपराधियों के हाथों में पिस्टल और रिवॉल्वर बताए जा रहे हैं। घटना के समय फैक्ट्री में आठ-नौ सुरक्षा गार्ड मौजूद थे।

गार्डों को बनाया बंधक, मोबाइल छीने

अपराधियों ने सभी सुरक्षा गार्डों के मोबाइल फोन छीन लिए और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने एक मालवाहक पिकअप वाहन फैक्ट्री परिसर में मंगाया और वहां रखे तांबा व पीतल के कीमती कल-पुर्जों को वाहन में लोड करना शुरू किया।

करीब एक घंटे तक अपराधी फैक्ट्री परिसर में बेखौफ होकर सामान लोड करते रहे और फिर मौके से फरार हो गए।

25 से 30 लाख रुपये की लूट का अनुमान

फैक्ट्री से जुड़े लोगों और देखरेख करने वाले प्रबंधन के अनुसार अपराधी लगभग 25 से 30 लाख रुपये मूल्य के तांबा और पीतल के सामान अपने साथ ले गए हैं। जिस तरीके से केवल कीमती धातुओं को निशाना बनाया गया, उससे आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों को पहले से माल की जानकारी थी।

सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए अपराधी

अपराधियों ने फैक्ट्री परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर बॉक्स को खोलकर अपने साथ ले लिया। एक स्टोर रूम का ताला भी तोड़ा गया, हालांकि उसका दरवाजा नहीं खुल सका। यदि वह स्टोर खुल जाता तो लूट की मात्रा और अधिक हो सकती थी।

पुलिस जांच में जुटी, छापेमारी जारी

अपराधियों के जाने के बाद सुरक्षा गार्ड किसी तरह खुद को मुक्त कर फैक्ट्री प्रबंधक को सूचना देने में सफल रहे। इसके बाद रामगढ़ थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आसपास के इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।