खूंटी (झारखंड) : पद्मभूषण से सम्मानित, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं खूंटी के पूर्व सांसद व लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा को अज्ञात व्यक्ति द्वारा पुलिस अधिकारी बनकर रंगदारी मांगने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चिंता का माहौल है।
कड़िया मुंडा के निजी सहायक डॉ. निर्मल सिंह के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति लगातार मोबाइल नंबर 8208746581 से कड़िया मुंडा के नंबर पर कॉल कर स्वयं को पुलिस अधिकारी बता रहा है और पैसों की मांग के साथ धमकी भी दे रहा है। बताया गया कि इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है।
डॉ. निर्मल सिंह ने इस मामले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से साझा करते हुए पुलिस प्रशासन और मुख्यमंत्री कार्यालय का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि कड़िया मुंडा की तबीयत इन दिनों ठीक नहीं है और इस तरह की कॉल से उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की पुष्टि करते हुए खूंटी के पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने बताया कि शिकायत के आधार पर रांची साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही रंगदारी मांगने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित साइबर अपराध भी हो सकता है, इसलिए कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि कड़िया मुंडा न केवल झारखंड के वरिष्ठ भाजपा नेताओं में शामिल हैं, बल्कि वे लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और खूंटी से कई बार सांसद भी रह चुके हैं।