रांची (झारखंड) :भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के अंतिम चरण में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के चुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को दिनभर राजनीतिक हलचल बनी रही। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव अधिकारी जुएल उरांव रांची पहुंचे और नामांकन प्रक्रिया को संपन्न कराया।
प्रदेश कार्यालय में पूर्वाह्न 11 बजे पहुंचे जुएल उरांव ने प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह तथा प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. प्रदीप वर्मा सहित सह चुनाव अधिकारी गणेश मिश्र और सुनीता सिंह से विचार-विमर्श किया। इसके बाद निर्धारित समयानुसार दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक नामांकन कक्ष में बैठकर नामांकन पत्र प्राप्त किए गए।
नामांकन की समय-सीमा समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत में जुएल उरांव ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कुल एक नामांकन पत्र तथा राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए 21 नामांकन पत्र निर्धारित समय के भीतर प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन के प्रस्तावकों में प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद विद्युत वरण महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विकास प्रीतम, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो तथा महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती सिंह शामिल रहे।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और सांसद विद्युत वरण महतो नामांकन पत्रों के प्रस्तुतकर्ता (प्रेजेंटर) के रूप में उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए जिन 21 नेताओं ने नामांकन किया, उनमें प्रमुख रूप से कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चंपई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पशुपति नाथ सिंह, रविन्द्र कुमार राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतूचरण राम, अभयकांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश एवं गीता कोड़ा शामिल हैं।
प्रदेश चुनाव अधिकारी जुएल उरांव ने जानकारी दी कि 14 जनवरी को अपराह्न 2 बजे, हरमू रोड स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के नामों की विधिवत घोषणा की जाएगी। इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल है।