रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले के भदानीनगर क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। बच्ची देवी सेवा समिति, मंडल जी गली भदानीनगर की ओर से गुरुवार 15 जनवरी 2026 को स्टील की चाय छन्नी का निःशुल्क वितरण किया गया। यह कार्यक्रम स्वर्गीय रतेश्वर प्रसाद मंडल के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया गया।
समिति द्वारा भदानीनगर, भुरकुंडा, मतकमा चौक, सुंदर नगर, पटेल नगर, सायल मोड़, महुआ टोला, चेनगड़ा सहित अन्य इलाकों में होटलों और चाय स्टॉलों पर स्टील चाय छन्नी वितरित की गई। इस अभियान का उद्देश्य प्लास्टिक की चाय छन्नी के उपयोग से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों को लेकर होटल संचालकों और आम लोगों को जागरूक करना रहा।
समिति के सचिव जितेंद्र कुमार मंडल ने बताया कि गर्म चाय या पानी के प्लास्टिक के संपर्क में आने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। चिकित्सकीय विशेषज्ञों द्वारा भी इस खतरे को गंभीर बताया गया है। इसी को देखते हुए समिति का लक्ष्य पूरे रामगढ़ जिला में इस अभियान को चलाने का है, ताकि लोग प्लास्टिक के उपयोग से बचें और सुरक्षित विकल्प अपनाएं।
कार्यक्रम के दौरान लपंगा पंचायत के मुखिया आनंद दुबे ने कहा कि बच्ची देवी सेवा समिति द्वारा किया जा रहा यह कार्य समाज के लिए अत्यंत उपयोगी है और इससे लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी मिलेगी। वहीं समाज के बुद्धिजीवी नागेंद्र प्रसाद और श्रवण कुमार ने इसे समाज को स्वस्थ रखने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताया।
इस अवसर पर जितेंद्र चौधरी, राजेश शर्मा, चमन कुमार, अशोक राणा, संजय सिंह और डब्ल्यू सिंह सहित कई लोगों ने सहयोग किया। बादल होटल के संचालक शुभम कुमार ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान होटल संचालकों को भी प्लास्टिक से दूरी बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।