ईडी ऑफिस में झारखंड पुलिस पहुंचने के मामले में बाबूलाल मरांडी का टवीट
रांची, झारखंड : झारखंड के पेयजल विभाग से जुड़े करीब 23 करोड़ रुपये के कथित घोटाले की जांच में नया घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले में आरोपी रहे तत्कालीन क्लर्क संतोष कुमार ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ के दौरान अपने पहले दिए गए बयान से पलटते हुए जांच एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पूर्व में संतोष कुमार ने बयान दिया था कि घोटाले में विभागीय इंजीनियरों और वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका रही है, जिसके आधार पर ईडी आगे की जांच कर रही थी। हालांकि अब उसने ईडी अधिकारियों पर जानलेवा हमला, अवैध रूप से हिरासत में रखने सहित अन्य आरोप लगाते हुए रांची (झारखंड) के एयरपोर्ट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दर्ज केस में ईडी के सहायक निदेशक प्रतीक कुमार और सहायक शुभम को नामजद आरोपी बनाया गया है। एफआईआर के अनुसार, 12 जनवरी को सहायक निदेशक प्रतीक कुमार ने फोन कर संतोष कुमार को सुबह 10 बजे ईडी कार्यालय बुलाया था।
मामला दर्ज होने के बाद गुरुवार सुबह रांची (झारखंड) के एयरपोर्ट स्थित ईडी कार्यालय में जांच के लिए पुलिस टीम पहुंची। वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रतिक्रिया देते हुए ईडी अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की मांग की है।