रामगढ़ (झारखंड) : झारखंड के रामगढ़ जिले में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना रामगढ़–बोकारो मुख्य मार्ग पर रामगढ़ कोर्ट के समीप दिन करीब एक बजे घटी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय कुमार मुंडा और टेमन मुंडा मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अजय कुमार मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेमन मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायलों को अस्पताल ले जाया गया
दुर्घटना के बाद दोनों युवकों को सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अजय कुमार मुंडा को मृत घोषित कर दिया। वहीं टेमन मुंडा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने स्ट्रेचर पर शव रख कर मुआवजे की मांग को लेकर रामगढ़–बोकारो मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद करीब दो घंटे बाद, दिन के लगभग साढ़े तीन बजे सड़क जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।