
मंगल पाठ वाचिका ममता खंडेलवाल
रामगढ़, झारखंड : श्री मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट, दादी मंदिर रामगढ़ की ओर से तीन दिवसीय 15वां वार्षिक स्थापना महोत्सव 22 जनवरी से 24 जनवरी तक श्री रानी सती दादी मंदिर के भव्य प्रांगण में श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा, वहीं कोलकाता के प्रसिद्ध मालियों द्वारा दादी जी का भव्य श्रृंगार किया जाएगा।
महोत्सव के प्रथम दिन गुरुवार 22 जनवरी को अपराह्न 3:30 बजे से दादी जी के भक्तों द्वारा मीठे-मीठे भजनों के बीच मेहंदी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कोईलांचल के प्रसिद्ध भजन गायक आयुष शर्मा अपनी टीम के साथ भजनों की प्रस्तुति देंगे।
दूसरे दिन शुक्रवार 23 जनवरी को प्रातः 10:00 बजे से 31 जोड़ों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच दादी जी का रोली से अभिषेक किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
महोत्सव के तीसरे और अंतिम दिन शनिवार 24 जनवरी को सुबह 10:00 बजे से दादी जी का मंगलपाठ प्रारंभ होगा। मंगलपाठ के लिए कोलकाता की प्रसिद्ध मंगलपाठ वाचिका ममता खंडेलवाल को उनकी टीम के साथ आमंत्रित किया गया है।
श्री मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट ने सभी भक्तों से अपील की है कि वे सपरिवार महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में शामिल होकर दादी जी का दर्शन करें और आशीर्वाद प्राप्त कर पुण्य के भागी बनें।